सीमा सन्देश # भादरा। शहर में इन दिनों पेयजल की भारी बर्बादी एक गंभीर समस्या बनकर सामने आ रही है। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में रोजाना लाखों लीटर पानी सड़कों पर बहता देखा जा सकता है, जो आमजन की लापरवाही और जागरूकता की कमी को उजागर करता है। दरअसल, शहर में पानी की सप्लाई अक्सर देर रात्रि या अलसुबह के समय होती है। ऐसे में कई घरों में पानी की पाइप लाइनों पर नल (टूंटी) नहीं लगे होने के कारण पानी बिना उपयोग के ही बहकर सड़कों पर फैल जाता है। यह न केवल कीमती जल संसाधनों की बर्बादी है, बल्कि शहर की साफ-सफाई और स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है। धार्मिक मान्यताओं में भी जल को अत्यंत पवित्र माना गया है और शास्त्रों में पानी को व्यर्थ बहाना पाप बताया गया है। इसके बावजूद लोग इस अमूल्य संसाधन की अनदेखी कर रहे हैं, जो चिंता का विषय है। शहरवासियों को यह समझने की आवश्यकता है कि पानी की असली कीमत क्या है। आज भी कई ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है या ऊंटों और टैंकरों के माध्यम से पानी लाना पड़ता है। ऐसे में शहरों में पानी की इस तरह बर्बादी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इसके साथ ही अवैध पानी कनेक्शन भी इस समस्या को और बढ़ा रहे हैं, जिससे जल वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है और अनियंत्रित बहाव की स्थिति बन रही है।
प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों की जिम्मेदारी भी बनती है कि वे पानी की एक-एक बूंद की कीमत समझें। घरों में पाइपों पर नल लगाना, पानी भरने के बाद तुरंत सप्लाई बंद करना और अवैध कनेक्शनों की सूचना देना जैसे छोटे-छोटे कदम इस समस्या के समाधान में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। व्यर्थ बहता पेयजल जब गंदे पानी से मिल जाता है, तो यह केवल जल की बर्बादी ही नहीं, बल्कि एक गंभीर जनस्वास्थ्य समस्या भी बन जाता है। भादरा नगर के अनेक क्षेत्रों में पानी की सप्लाई के दिन सड़कों पर गंदे पानी के साथ मिलकर फैलता पानी आवागमन को बाधित करता है और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यह स्थिति बीमारियों को भी आमंत्रण देती है, साथ ही शहर की स्वच्छता और व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह खड़ा करती है।
रोजाना बर्बाद हो रहा लाखों लीटर पेयजल

Leave a Reply