फटिक शिला धाम’ में तनसुखरामशर्मा का श्रीराम कथा प्रवचन

Sheela dham

क्षेत्र के विद्वान, वैद्य पं. तनसुखराम शर्मा रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार को कर्नाटक के हम्पी के कमलापुर में माल्यवंत पर्वत रघुनाथ मंदिर परिसर में स्थित ‘श्री फटिक शिला धाम’ में श्रीराम कथा प्रवचन करेंगे। यह आयोजन प्रात: 10:30 बजे प्रारम्भ होगा। इस धाम के आचार्य मनीष जी लम्बे समय से पं. तनसुखराम शर्मा को फटिक शिला धाम में श्रीराम कथा के लिए आमंत्रित कर रहे थे, किन्तु कभी अस्वस्थता और कभी अन्य किसी कार्यक्रम में व्यस्तता के चलते पं. तनसुखराम शर्मा वहां आयोजन नहीं कर पाए। अब आचार्य मनीष जी के आग्रह पर वे हम्पी पहुंचे हैं, जहां शुक्रवार को रामनवमी के पावन अवसर पर श्रीराम कथा प्रवचन करेंगे। ज्ञातव्य है कि इस फटिक शिला का उल्लेख रामचरितमानस के सुंदरकांड में आता है, जब हनुमान लंका जाकर वहां सीता माता से मिलकर और लंका को जलाकर समुद्र को लांघकर वापस आते हैं। उस दौरान जब वे रामजी के पास पहुंचते हैं तो यह चौपाई सुंदरकांड में वर्णित है: ‘फटिक सिला बैठे दोउ भाई। परे सकल कपि चरनन्हि जाई।।’ वनवास के दौरान श्रीराम-लक्ष्मण यहां रुके थे। इसलिए आज यह धाम बन चुका है। ज्ञातव्य है कि पं. तनसुखराम शर्मा हरिद्वार, उज्जैन, प्रयागराज में कुम्भ के अवसर पर तथा अन्य धार्मिक स्थलों पर श्रीराम कथा व श्रीमदभागवत कथा जैसे आयोजन कर चुके हैं। फटिक शिलाधाम की इस धार्मिक यात्रा के दौरान उनके कुछ शिष्य भी उनके साथ हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.