शहरवासियों को बरसाती पानी की निकासी की बड़ी समस्या से जल्द निजात मिलने वाली है। श्रीगंगानगर सूरतगढ़-पदमपुर बाईपास पर निर्माणाधीन नाला परियोजना, जो पिछले कुछ समय से तकनीकी कारणों और गलतफहमी के चलते राधा स्वामी डेरा ब्यास के पास रुकी हुई थी, अब फिर से गति पकड़ेगी। सदा मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों में अग्रणी रहने वाले राधा स्वामी डेरा ब्यास ने एक बार फिर मिसाल पेश की है। डेरा प्रबंधन ने शहर के व्यापक हित और आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अपने परिसर के भीतर से नाला निकालने की सहर्ष सहमति दे दी है। इस निर्णय से नाले का मार्ग प्रशस्त हो गया है, जिससे शहर का बरसाती पानी सीधे एसटीपी तक पहुंच सकेगा। इस महत्वपूर्ण विषय को लेकर डेरा ब्यास के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को विधायक जयदीप बिहाणी के साथ जिला कलेक्टर व यूआईटी अध्यक्ष से मुलाकात की। बैठक के दौरान डेरा प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि वे शहर के विकास और जनहित के कार्यों में सदैव सहयोग के लिए तत्पर हैं। विधायक बिहाणी ने डेरा प्रबंधन के इस सकारात्मक रुख की सराहना करते हुए इसे शहर के लिए बड़ी राहत बताया। संजय कालड़ा एरिया सचिव प्रबंधक कमेटी राधा स्वामी सत्संग व्यास सेंटर श्रीगंगानगर ने बताया कि डेरा शुरू से ही मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों में अग्रणी रहा है। इसको देखते हुए डेरे से नाला निकालने की स्वीकृति प्रदान की है। कालड़ा ने बताया कि यूआईटी की ओर से आश्वासन दिया गया है कि कार्य शुरू होने के बाद निर्माण कार्य 15-20 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा ताकि डेरा में आयोजित होने वाले आगामी धार्मिक समागम में संगत को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
राधा स्वामी डेरा ब्यास की प्रबंधन कमेटी ने परिसर से नाला निकालने की दी स्वीकृति, मिलेगी राहत

Leave a Reply