ज्वेलरी शॉप में चोरी करने वाली गैंग का पदार्फाश

sgnr update

सीमा सन्देश # श्रीगंगानगर। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घमूड़वाली क्षेत्र में हुई आभूषण चोरी की वारदात को सुलझा लिया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है और चोरी किया गया शत प्रतिशत माल बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि गुरप्रीत सिंह उर्फ गगन सोनी निवासी 39 एलएनपी ने घमूड़वाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 अप्रैल 2026 की रात अज्ञात चोरों ने मंडी बांझवाला स्थित उनकी ज्वेलरी दुकान के ताले तोड़कर करीब 400 ग्राम चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थानाधिकारी प्रियंका के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी विश्लेषण के बाद वीरेंद्र सिंह (41 वर्ष) पुत्र गुलाब सिंह, निवासी झेलरी पिलानी, संदीप कुमार (32 वर्ष) पुत्र रमेश कुमार निवासी सिहागों की ढाणी थीरपाली बड़ी चुरू और भरत सिंह पुत्र करण सिंह निवासी बागोलिया की ढाणी गोठड़ा नवलगढ़, झुंझुनूं को गिरफ्तार किया है। वीरेंद्र सिंह का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड है और वह हार्डकोर अपराधी है तथा वर्तमान में खाजूवाला में रह रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए पूरे 400 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं। पूछताछ के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। इस सफल ऑपरेशन में थानाधिकारी प्रियंका के साथ एएसआई जयप्रकाश, हेड कांस्टेबल श्योतराम, कांस्टेबल नाजम सिंह, सुभाष चंद्र, दिनेश कुमार और राजेश की मुख्य भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published.