धानमंडी में अव्यवस्था टूटे ढांचे औरधीमी उठाव से हर कोई हो रहा परेशान

hanumangarh update

सीमा सन्देश # हनुमानगढ़। जिले की प्रमुख कृषि उपज मंडियों में शुमार जंक्शन की धानमंडी इन दिनों अव्यवस्थाओं की मार झेल रही है। यहां एक ओर मूलभूत सुविधाओं का अभाव है तो दूसरी ओर प्रशासनिक लापरवाही के चलते किसानों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंडी में जगह-जगह फैली अव्यवस्था, धीमी कार्यप्रणाली और जर्जर ढांचा किसी बड़े हादसे की आशंका को भी बढ़ा रहे हैं। तोला यूनियन अध्यक्ष सतपाल दामड़ी ने बताया कि मंडी के मुख्य चौराहे से प्रतिदिन भारी संख्या में ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉलियां गुजरती हैं, लेकिन चौराहे पर नाली के ऊपर लगी जाली उखड़ी हुई है। इस कारण कई वाहनों के टायर फट चुके हैं, वहीं दुपहिया वाहन चालक अक्सर नाली में फंसकर हादसे का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंडी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह चरमराई हुई है। कई बार कृषि उपज मंडी समिति के अधिकारियों को अवगत करवाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। सतपाल दामड़ी ने बताया कि चौराहे के पास बना ओवरहेड टैंक पहले ही जर्जर घोषित किया जा चुका है, लेकिन उसे हटाने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि इस स्थान का उपयोग शौचालय निर्माण के लिए किया जा सकता है।इसके अलावा ओवरहेड टैंक के पास निर्माण सामग्री पड़ी होने से भी आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं। पेयजल व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है, जिसके चलते भीषण गर्मी में किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। वर्तमान में कैंटर के जरिए प्याऊ में पानी भरवाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.