सीमा सन्देश # हनुमानगढ़। जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय सीनियर जूडो प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ जिला जूडो संघ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया। यह प्रतियोगिता 30 व 31 मार्च को सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित हुई। प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए कुल 2 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक जीतकर पुरुष वर्ग की चैंपियनशिप अपने नाम की। जिला जूडो संघ के सचिव विनीत बिश्नोई ने बताया कि सौरभ कुलड़िया ने 66 किलोग्राम भार वर्ग और अंकित सुथार ने 73 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। वहीं मनजीत कुलड़िया ने 81 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक तथा धीरज शर्मा ने +100 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। महिला वर्ग में शैलजा ने 57 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।
Leave a Reply