सीमा सन्देश # हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित मुख्य डाकघर कार्यालय को एक बार फिर से बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। जानकारी के अनुसार यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई थी। एहतियातन पुलिस ने पोस्ट ऑफिस को खाली करवाया और मुख्य गेट बंद कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। जंक्शन थाना पुलिस व संबंधित अधिकारियों ने पोस्ट ऑफिस परिसर की सघन तलाशी ली। मेटल डिटेक्टर की मदद से संदिग्ध वस्तु ढूंढने का प्रयास किया गया, लेकिन इस बार भी कुछ बरामद नहीं हुआ। उल्लेखनीय है कि पिछले 23 दिनों के भीतर यह तीसरी बार ऐसी धमकी मिली है, जिससे डाकघर कर्मचारियों और आमजन में चिंता का माहौल बना हुआ है। लगातार मिल रही इन धमकियों के कारण कर्मचारियों और लोगों में डर व्याप्त है, जिससे रोजमर्रा के कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं।अधिकारियों के अनुसार यह किसी शरारती तत्व या संगठित साइबर गिरोह की करतूत हो सकती है, जिसका उद्देश्य दहशत फैलाना है। साइबर सेल की टीम इन ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है। इससे पहले 10 मार्च तथा उसके बाद 27 मार्च को मुख्य डाकघर परिसर में संचालित पासपोर्ट कार्यालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। वहीं इससे पूर्व दो बार जिला कलेक्टरेट को भी इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हो चुके हैं। पिछले वर्ष 14 अप्रैल और 14 दिसंबर को भी हनुमानगढ़ सहित प्रदेश के अन्य जिला कलेक्टरेट को ऐसी धमकियां मिली थीं, जो जांच में झूठी साबित हुई थीं।
Leave a Reply