श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया हनुमान जन्मोत्सव, मंदिरों में हुए विशेष आयोजन, लगे भण्डारे -‘छोटो सो बांदर हद करग्यो, सवामणी कालाडू सारा चट करग्यो…’

SGNR - Balaji dham

इलाके में हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा, आस्था व उल्लास के साथ मनाया गया। शहर के प्रमुख मंदिरों में रामनाम संकीर्तन, अखण्ड रामायण पाठ, सुन्दरकाण्ड पाठ सहित हवन व पूजन कार्यक्रम हुए। शहर में लगे भण्डारों व मंदिरों में डीजे की धुन पर बालाजी के भजनों ‘छमछमा छम नाचै भगता गो लाडलो..’, ‘छोटो सो बांदर हद करग्यो, सवामणी का लाडू सारा चट करग्यो…’, ‘आज हनुमान जयंती है…’ की धूम रही। एल ब्लॉक स्थित श्री सनातन धर्म हनुमान मंदिर में सुबह हवन के बाद दोपहर बालाजी को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके बाद एक बजे से भण्डारा लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। सेवादार जगदीश सिडाना ने बताया कि शाम को साढ़े तीन बजे से सुन्दरकाण्ड पाठ का आयोजन हुआ। शाम को भी मंदिर में आने वाले भक्तजनों को प्रसाद का वितरण किया गया। यहां सुबह से ही श्रद्धालुओं के आने का क्रम बना रहा और बाबा को लड्डू, बूंदी, पेड़ा, बर्फी, नारियल आदि व पुष्पमाला अर्पित कर अपनी मन्नतें मांगी। इसी प्रकार पुरानी आबादी स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर में भी धार्मिक कार्यक्रम हुए तथा अंजनी माता दरबार के पास भंडारा आयोजित किया गया। नई धानमंडी स्थित सिद्ध हनुमान मंदिर में भी सुन्दरकाण्ड पाठ हुआ। शहर में आगरा टिक्कीवाली रोड पर हनुमान जन्मोत्सव उपलक्ष्य में पटेल मार्केट कमेटी की ओर से छोले-पूड़ी व बूंदी का भण्डारा लगाया गया। इसमें कमेटी अध्यक्ष प्रवीण धींगड़ा, पदाधिकारियों व मार्केट के दुकानदारों ने भण्डारे में श्रद्धा व आस्था के साथ सेवाएं दी। सेवादारों ने बताया कि गुरुवार को प्रात: साढ़े दस बजे समाजसेवी राघव चाण्डक, पटेल मार्केट कमेटी के पदाधिकारियों व मार्केट के दुकानदारों की मौजूदगी में शुरू किया गया भण्डारा दोपहर बाद तक चला। यहीं पर जयशंकर नमकीन की ओर से खीर का प्रसाद वितरण किया गया। स्थानीय विनोबा बस्ती पार्क स्थित शिव मंदिर में गुरुवार को भक्ति एवं श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर में आयोजित विशेष कार्यक्रम के तहत श्रद्धालुओं ने मुख्य पुजारी ज्योतिषाचार्य शंकर गुर्जरगौड़ के नेतृत्व में सामूहिक रूप से करीब 150 मिनट में 2100 संगीतमय हनुमान चालीसा पाठ कर एक अनूठा कीर्तिमान स्थापित किया। पुजारी शंकर गुर्जरगौड़ ने बताया कि इस आयोजन में बड़ी संख्या में उपस्थित भक्तगणों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए पूरा वातावरण भक्तिमय बना दिया। सामूहिक पाठ के पश्चात श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के माध्यम से बालाजी महाराज को रिझाया। इस दौरान मंदिर परिसर में देर शाम तक बाबा का अटूट भंडारा लगाया गया। सिद्धपीठ श्रीझांकी वाले बालाजी मंदिर में भजनों की सरिता बही। श्रीगंगानगर की पुरानी आबादी स्थित सिद्धपीठ श्रीझांकी वाले बालाजी मंदिर के तत्वावधान में श्री बालाजी बगीची में हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। यहां बुधवार को रखे अखण्ड रामायण पाठ की गुरुवार सुबह हवन यज्ञ के साथ पूणार्हुति हुई, साथ ही भजनों की सरिता बही। सिद्धपीठ श्रीझांकी वाले बालाजी भजन मंडल के मुख्य सेवादार प्रेम अग्रवाल ने बताया कि मंडल के 24 सदस्यों द्वारा अखण्ड रामायण पाठ किया गया। इसके बाद हुए हवन में भजन मंडल सदस्यों ने आहूतियां दीं। मंडल प्रधान सुरेंद्र चौधरी, नरेश गोयल व मुख्य यजमान महेंद्र सैनी ने बधाइयां बांटी। सुरेंद्र सिंगल पुजारी के ‘श्री बालाजी में लाड लडावे माता अंजना..’, ‘बधाई सारे भक्तां ने, होयो अंजनी माई के लाल…’ आदि भजनों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु झूम उठे। महेंद्र सैनी व अंजना सैनी परिवार की ओर से बाबा को 151 सवामणी चूरमे का भोग लगाया गया। हनुमानगढ़ रोड स्थित श्रीबालाजी धाम में मंदिर के वार्षिकोत्सव तथा हनुमान जन्मोत्सव उपलक्ष्य में 30 मार्च से चल रहा अखण्ड राम नाम संकीर्तन ‘सियाराम जय जय सियाराम, सियाराम जय राम जै जै राम..’ का गुरुवार सायं सवा बजे समापन हुआ। इस मौके पर मंदिर पुजारियों द्वारा बाबा की महाआरती की गई तथा 151 सवामणी चूरमे का भोग लगाया गया। मंदिर के भजन मण्डल व बाबा के अन्य भक्तों द्वारा सुंदर-सुंदर भजनों की प्रस्तुतियां दी गईं। इसी तरह मंदिर के बाहर बाबा के दर्शनार्थ उमड़े श्रद्धालुओं के हुजूम ने पूरे वातावरण को बालाजी महाराज के जयकारों से गूंजायमान कर दिया। वार्षिकोत्सव उपलक्ष्य में मंदिर को लाल ध्वज पताकाओं व रंगीन रोशनियों से सजाया गया। बालाजी जन्मोत्सव पर आतिशबाजी भी की गई। भक्तों ने यहां हनुमानजी महाराज को नारियल, चूरमा, फल, ड्राई फ्रूट, पान, पुष्पमाला अर्पित कर अपनी मन्नतें मांगी। अखण्ड राम नाम संकीर्तन के दौरान मंदिर हॉल में भण्डारा भी लगाया गया। आज शाम महाआरती के बाद बाबा को 151 चूरमे की सवामणियों का भोग लगाकर श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। मंदिर में सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही। बाबा के जन्मोत्सव का केक भी काटा गया एवं बाल हनुमान स्वरूप बच्चों को उपहार वितरित किए गए। भजन मंडल के प्रधान सुरेंद्र चौधरी व नरेश गोयल ने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव उपलक्ष्य में श्री बालाजी बगीची में गुरुवार सुबह भंडारा लगाया गया। कार्यक्रम के तहत एसएसबी रोड स्थित राम राम सा सेवा समिति की ओर से मंदिर तक पावन ध्वज यात्रा भी निकाली गई, जिसमें यात्रा प्रभारी जगदीश सिंगल, विनोद अग्रवाल, घनश्याम छींपा, राजेश सिंगल, राघव, दक्ष, विकास आसेरी व रमन चुघ आदि के नेतृत्व में श्रद्धालु 108 ध्वजाओं व गाजे-बाजे के साथ बाबा के मंदिर पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.