जयपुर। राजस्थान भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार का निर्णय केवल मुख्यमंत्री का व्यक्तिगत फैसला नहीं होगा। जयपुर प्रवास के दौरान उन्होंने कहा कि जब भी विस्तार की आवश्यकता होगी, मुख्यमंत्री राष्ट्रीय नेतृत्व और संगठन से चर्चा करेंगे। अग्रवाल ने जोर देकर कहा कि भाजपा में कोई भी व्यक्ति संगठन से ऊपर नहीं होता।
बैठक में प्रशासनिक जिलों के अनुरूप संगठनात्मक जिलों के पुनर्गठन और निकाय चुनावों की तैयारियों पर चर्चा हुई। साथ ही, भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ता सुनवाई फिर से शुरू करने का निर्णय लिया गया है। अब सप्ताह में तीन दिन मंत्री और प्रतिदिन एक पदाधिकारी जनता की समस्याएं सुनेंगे। अशोक गहलोत पर तंज कसते हुए अग्रवाल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री का इंतजार शास्त्र अपनों पर ही निशाना साधने के लिए है। उन्होंने कांग्रेस को आंतरिक कलह से जूझती पार्टी करार दिया।
प्रभारी ने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के उस बयान का पुरजोर समर्थन किया, जिसमें उन्होंने मूल कार्यकर्ताओं को नियुक्तियों में प्राथमिकता देने की बात कही थी। अग्रवाल ने राजे को अनुभवी नेता बताते हुए उनके सुझाव को संगठन हित में बताया। राजनीतिक नियुक्तियों पर उन्होंने कहा कि प्रक्रिया जारी है और जल्द ही योग्य कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जाएंगी।
Leave a Reply