रामभक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम इन दिनों नोहर शहर में देखने को मिल रहा है। 2 अप्रैल को स्थानीय बिहानी स्टेडियम से निकलने वाली विराट रामोत्सव धर्मयात्रा को लेकर पूरे शहर में अभूतपूर्व तैयारियां की जा रही हैं। तैयारी ऐसी हैं कि पूरा नोहर भगवा रंग में रंगा हुआ नजर आ रहा है, हर गली, हर चौक और हर मुख्य मार्ग पर केसरिया ध्वजाएं लहराती दिखाई दे रही हैं। धर्मयात्रा के निमंत्रण स्वरूप आज शहर के बाजारों, गली-मोहल्लों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पीले चावल वितरित किए गए। कार्यकर्ताओं की टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों को इस भव्य आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण दे रही हैं। इस पारंपरिक तरीके ने आमजन में विशेष उत्साह भर दिया है और हर कोई इस आयोजन का हिस्सा बनने को उत्सुक नजर आ रहा है। संयोजक रमेश बडसिवाल ने बताया कि भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर आयोजित यह धर्मयात्रा नोहर के इतिहास की सबसे भव्य यात्राओं में से एक होगी। उन्होंने कहा कि आयोजन को यादगार बनाने के लिए हर स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, चाहे वह सजावट हो, व्यवस्थाएं हों या सांस्कृतिक प्रस्तुतियां। संरक्षक मंडल के सुरेश पंडिया ने बताया कि इस धर्मयात्रा को लेकर शहरवासियों में गजब का उत्साह है। व्यापारी, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग हर वर्ग सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटा हुआ है। वहीं ग्रामीण इलाकों में भी अलग-अलग टीमें प्रचार-प्रसार कर रही हैं, जिससे धर्मयात्रा का प्रभाव शहर से बाहर तक फैल चुका है। मीडिया प्रभारी सोनू शर्मा के अनुसार, इस बार धर्मयात्रा में विशेष आकर्षण के रूप में नासिक का प्रसिद्ध बैंड अपनी प्रस्तुति देगा, जो पूरे माहौल को भक्तिमय और ऊर्जावान बना देगा। इसके साथ ही दर्जनों भव्य झांकियां निकाली जाएंगी, जिनमें भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों और भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
भगवा रंग में डूबा नोहर, रामोत्सव धर्मयात्रा कीऐतिहासिक तैयारियां, शहर बना आस्था का केन्द्र

Leave a Reply