भगतसिंह सिटी में बिना अनुमति पेड़ काटने पहुंचे युवकोंको लोगों ने घेरा, चार पेड़ काटे जाने के बाद रोकी कटाइ

सीमा सन्देश # श्रीगंगानगर शहर की एक आवासीय कॉलोनी में हरे-भरे पेड़ों की कटाई को लेकर रविवार शाम लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नोजगे स्कूल के पास स्थित शहीद भगतसिंह सिटी कॉलोनी में कुछ युवक पेड़ों को काट रहे थे, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता से बड़ी संख्या में पेड़ कटने से बच गए। जानकारी के अनुसार, दो-तीन युवक कॉलोनी में लगे हरे पेड़ों को काट रहे थे और अब तक चार-पांच पेड़ काट भी चुके थे। इस दौरान आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और उन्होंने तुरंत विरोध करते हुए कटाई रुकवा दी। लोगों ने युवकों से पेड़ काटने की अनुमति और कारण पूछा, लेकिन शुरू में वे कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। इसके बाद लोगों ने उनकी कुछ नहीं सुनी और साफ कह दिया कि इन पेड़ों को किसी भी सूरत में नहीं काटने देंगे। लोगों के कड़े विरोध के चलते युवकों को आखिरकार मौके से वापस लौटना पड़ा।स्थानीय लोगों ने स्पष्ट कर दिया कि वे किसी भी हालत में कॉलोनी की हरियाली को नुकसान नहीं होने देंगे। निवासियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि एक ओर सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए अभियान चला रही है और लोग भी इसमें भागीदारी निभा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इस तरह की घटनाएं चिंताजनक हैं। खासकर गर्मी के मौसम में पेड़ों का महत्व और भी बढ़ जाता है। लोगों ने कहा कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, प्रशासन को इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।कॉलोनीवासियों ने कहा कि प्रशासन को ऐसे मामले में गंभीरता दिखानी चाहिए। जब स्थानीय लोगों ने सख्ती दिखाई, तो युवकों ने एक अन्य कॉलोनी का नाम लेते हुए वहां के कुछ व्यक्तियों के कहने पर पेड़ काटने की बात स्वीकार की। हालांकि, वे किसी भी तरह की आधिकारिक अनुमति नहीं दिखा सके। स्थानीय निवासी रामचंद्र, अशोक मक्कड़, मुकेश कड़वासरा, दर्शन सिंह, भूपेंद्र कौशिक, निम्मीचंद और पूर्णचंद सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी विरोध किया। लोगों ने कहा कि इन पौधों को वर्षों पहले लगाया था और देखरेख के बाद ये अब पेड़ों का रूप ले चुके हैं। ऐसे में इन्हें काटना पर्यावरण के साथ खिलवाड़ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.