पूर्व मुख्यमंत्री रिचार्ज कूपन के लिए जाते थे दिल्ली : जवाहरसिंह बेढ़म

पचपदरा में रिफाइनरी और जयपुर मेट्रो विस्तार परियोजनाओं को लेकर केंद्र सरकार के फैसले के बाद प्रदेश भाजपा और सरकार में उत्साह का माहौल है। इस मुद्दे पर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया, डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित किया। नेताओं ने रिफाइनरी और मेट्रो विस्तार को प्रदेश के विकास की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में विफल रही। उन्होंने कहा कि मौजूदा मुख्यमंत्री पर सवाल उठाने वालों को अब समझ आ गया होगा कि तीन घंटे के दिल्ली दौरे से क्या कुछ मिला, जबकि कांग्रेस सरकार में तत्कालीन मुख्यमंत्री रिचार्ज कूपन डलवाने के लिए दिल्ली जाते थे। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे पर उठाए जा रहे सवाल निराधार हैं और छोटे से दौरे में ही राज्य को रिफाइनरी और मेट्रो विस्तार जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं मिली हैं। उन्होंने बताया कि सरकार की योजनाओं के तहत 2.14 लाख परिवारों को आवास सहायता, 2.91 लाख शौचालयों का निर्माण और 1,000 पंचायतों में बर्तन बैंक स्थापित किए गए हैं। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने जानकारी दी कि पश्चिमी राजस्थान रिफाइनरी के प्रथम चरण का उद्घाटन 21 अप्रैल को होगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हस्तक्षेप से परियोजना के सभी अवरोध दूर हुए हैं, जिससे करीब 25 हजार प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने बताया कि जयपुर मेट्रो विस्तार में अब केंद्र और राज्य सरकार 50-50 प्रतिशत लागत साझा करेंगी। वहीं उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि सरकार सड़कों, जल परियोजनाओं और सौर ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम कर रही है और राजस्थान सौर ऊर्जा उत्पादन में देश में पहले स्थान पर है। गृह राज्य मंत्री बेढ़म ने दावा किया कि पिछले दो वर्षों में अपराधों में 16 प्रतिशत की कमी आई है और हत्या के मामलों में 50 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को ‘जंगलराज’ बताते हुए वर्तमान सरकार की कानून-व्यवस्था को बेहतर बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.