मटका चौक से गांधी नगर जाने वाली मुख्य सड़क पर 10–12 गहरे और खतरनाक गड्ढे बन जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीवरेज निर्माण कंपनी द्वारा मरम्मत नहीं किए जाने के कारण सड़क बदहाल स्थिति में है, जिससे रोजाना करीब 25 हजार राहगीर प्रभावित हो रहे हैं। इस संबंध में 12 मार्च को राजस्थान संपर्क पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। शहरभर में सीवरेज चैंबरों के धंसने से वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। संतोषी माता मंदिर मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष रजनेश बहल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा को ज्ञापन भेजकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि मानसून से पहले सड़क और चैंबरों की मरम्मत नहीं हुई तो जलभराव से हालात और गंभीर हो सकते हैं। साथ ही जिम्मेदार कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और शहर की सड़कों की तत्काल मरम्मत की मांग की गई है।
Leave a Reply