सीमा सन्देश, श्रीगंगानगर। बीकानेर रेंज के नवनियुक्त पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने कार्यभार संभालने के बाद पहली बार श्रीगंगानगर जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन में परेड का निरीक्षण किया, संपर्क सभा के माध्यम से जवानों की समस्याएं सुनीं और क्राइम मीटिंग में जिले की कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए। पुलिस लाइन पहुंचने पर उन्हें सम्मान परेड दी गई, जिसकी उन्होंने सलामी ली। इसके पश्चात उन्होंने रिजर्व पुलिस लाइन का गहन निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर की उपस्थिति में आयोजित बैठक में आईजी ओमप्रकाश ने जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि गिरोह बनाकर अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर उनके नेटवर्क को पूरी तरह नष्ट किया जाए। पंजाब और अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर से होने वाली ड्रग्स तस्करी पर रोक के लिए एनडीपीएस एक्ट के तहत अधिकतम कार्रवाई और तस्करों की संपत्ति कुर्क करने के लिए पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए। साथ ही जिले में शाम और रात के समय गश्त बढ़ाने और आकस्मिक नाकाबंदी कर संदिग्ध तत्वों पर कड़ी नजर रखने को कहा।
आईजी ने दिए निर्देश- बॉर्डर पर बढ़ेगी सख्ती, थानों में पीड़ितों को मिलेगा पूरा सम्मान

Leave a Reply