सीमा सन्देश # टिब्बी। क्षेत्र में शुक्रवार को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य रोड शो का आयोजन किया गया। यह आयोजन क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय द्वारा किया गया, जिसमें 10वीं एवं 12वीं कक्षा में शानदार परिणाम लाने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। यह रैली महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से शुरू होकर मुख्य बाजार से होती हुई पूरे क्षेत्र में निकाली गई। रोड शो के दौरान विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। डीजे की धुन पर छात्र-छात्राएं झूमते नजर आए और पूरे माहौल में खुशी का माहौल बना रहा। इस मौके पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेश अरोड़ा भी उपस्थित रहे। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया और इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महंगा सिंह ढिल्लों, सरजीत खीचड़, मनीष अरोड़ा तथा पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि कुलवंत सुथार भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य जगदीश भाटी ने बताया कि इस रैली में टिब्बी क्षेत्र सभी राजकीय माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों ने परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस कार्यक्रम में टिब्बी क्षेत्र के समस्त राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थी भी शामिल रहे, जिससे यह आयोजन और भी भव्य एवं प्रेरणादायक बन गया।
Leave a Reply