सीमा सन्देश # हनुमानगढ़। सड़क सुरक्षा और जीवन रक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले में यातायात पुलिस की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना के निर्देशानुसार चल रहे इस अभियान के तहत आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने टीम के साथ जंक्शन क्षेत्र में टाउन रोड स्थित घग्घर पुल पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 80 चालान काटे गए। कार्रवाई के दौरान हेलमेट नहीं पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग न करने, थ्री व्हीलर में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने सहित अन्य नियमों की अनदेखी के मामले सामने आए। पुलिस ने चालान के साथ-साथ वाहन चालकों को समझाइश भी की। कई दुपहिया वाहन चालकों के पास हेलमेट तो था, लेकिन उन्होंने उसे पहनने के बजाय वाहन पर टांग रखा था या डिग्गी में रखा हुआ था। ऐसे चालकों को मौके पर ही हेलमेट पहनाया गया और भविष्य में अनिवार्य रूप से हेलमेट लगाने की हिदायत दी गई।
Leave a Reply