सीमा सन्देश # श्रीगंगानगर
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) जैसे तेज-तर्रार और हाई स्कोरिंग टूर्नामेंट में श्रीगंगानगर के युवा स्पिनर मानव सुथार ने अपने प्रदर्शन से पहचान बनाई है। मैदान पर उनकी फुर्ती का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने शार्ट साइड में फील्डिंग करते समय शानदार कैच लिया। गेंदबाजी का मौका उन्हें जब भी मिला, उन्होंने विकेट जरूर हासिल किए। मानव सुथार गुजरात टाइटंस टीम से खेल रहे हैं। गुजरात से खेले दो मैचों में उन्होंने कुल 5 ओवर गेंदबाजी कर 2 विकेट लिए। मानव सुथार ने गुजरात टीम से खेलते हुए बैंगलोर (आरसीबी) के खिलाफ मैच में दो ओवर में सिर्फ 19 रन देकर अहम विकेट हासिल किया और आरसीबी के कप्तान व तूफानी बल्लेबाज रजत पाटीदार को पवेलियन भेजा। अगले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ भी उन्हें प्लेइंग-11 में मौका मिला। चेन्नई के खिलाफ मानव सुथार का प्रदर्शन भी प्रभावशाली रहा, जहां उन्होंने 3 ओवर में 22 रन देकर 1 विकेट लिया और डेवल्ड ब्रेविस को आउट किया। लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार को शुरुआती मैचों में प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिल पाई थी और वे सब्स्टीट्यूट के रूप में मैदान पर नजर आए थे, लेकिन अब लगातार तीन मैचों में उन्हें मौका मिला है। मानव सुथार की यह सफलता श्रीगंगानगर जिले के लिए गर्व की बात है। वे मूल रूप से श्रीगंगानगर के रहने वाले हैं और उन्होंने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत श्रीगंगानगर के बिहाणी कॉलेज मैदान से की। कोच धीरज शर्मा के मार्गदर्शन में मानव ने खेल की बारीकियां सीखीं और फिर रणजी सहित कई बड़े टूर्नामेंट में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। आईपीएल में जहां अधिकांश मैचों में टीमें 200 के आसपास या उससे अधिक रन बना रही हैं, वहीं मानव सुथार का 8.2 का इकोनॉमी रेट उनकी कसी हुई गेंदबाजी को दर्शाता है। जिला क्रिकेट संघ के सचिव विनोद सहारण के अनुसार, मानव सुथार को टीम इंडिया में चयन की उम्मीद है और वे टेस्ट टीम के लिए एक प्रभावी विकेट टेकर गेंदबाजी विकल्प साबित हो सकते हैं।
IPL में श्रीगंगानगर का मानव सुथार…तेज बैटिंग वाली पिचों परदमदार इकोनॉमी से की स्पिन बॉलिंग, फिल्डिंग में भी दिखाया दम

Leave a Reply