खलनायक रिटर्न्स: तैतीस साल बाद लौटा ‘बल्लू ’ सत्य के खूंखार अवतार ने चौंकाया

संजय दत्त ने अपनी नई फिल्म ‘खलनायक रिटर्न्स’ का ऐलान कर दिया है और इसका दमदार टीजर भी शेयर किया है। यह 1993 में आई सुपरहिट फिल्म ‘खलनायक’ का सीक्वल है, जिसमें संजय दत्त के अलावा माधुरी दीक्षित, जैकी श्रॉफ और अनुपम खेर नजर आए थे। 33 साल बाद आ रहे इस सीक्वल में संजय दत्त एक बार फिर बल्लू के किरदार में बेहद खूंखार नजर आ रहे हैं। टीजर सामने आते ही फैंस एक्साइटेड हो गए हैं और उनका कहना है कि इस फिल्म को आदित्य धर ही डायरेक्ट करें। हालांकि, टीजर में काफी खून-खराबा दिखाया गया है। बल्लू बने संजय दत्त खून से सने हुए हैं और उनके चेहरे पर कालिख लगी है। फिल्म को जियो स्टूडियोज प्रोड्यूस कर रहा है, जिसने आदित्य धर के साथ उनकी ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ भी प्रोड्यूस की हैं।

1993 में रिलीज हुई ‘खलनायक’ को सुभाष घई ने प्रोड्यूस और डायरेक्ट किया था। यह उस साल की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी। बाद में ‘खलनायक’ को अलग-अलग नामों से तमिल, तेलुगु और पंजाबी भाषा में भी बनाया गया। फिल्म के गाने भी जबरदस्त हिट रहे थे और ‘नायक नहीं खलनायक हूं मैं’ गाना आज भी बेहद लोकप्रिय है।

‘खलनायक रिटर्न्स’ के टीजर में दिखाया गया है कि चारों ओर आग लगी हुई है और उन लपटों के बीच एक लाश पड़ी है। इसके बाद बेड़ियों में जकड़ा एक हाथ नजर आता है, जो बल्लू का है। वह घायल पड़े एक शख्स के पास जमीन पर बैठता है और अपना सिगार जलाता है। इस दौरान उसके चेहरे पर खून, लंबे बाल और कालिख साफ नजर आती है। इस लुक में संजय दत्त बेहद खूंखार लगते हैं। जमीन पर पड़ा शख्स उनसे अपनी जान की भीख मांगता है, लेकिन बल्लू यानी संजय दत्त कहते हैं— “बोला था ना? 10 अक्टूबर रात को 10 बजे, बल्लू जेल से फुर्र…” और फिर ‘नायक नहीं खलनायक हूं मैं’ गाना गुनगुनाते हुए वहां से उठकर चल देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.