न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद की नई प्रक्रिया के विरोध में सोमवार को किसान, मजदूर और व्यापारियों ने एडीएम कार्यालय के सामने धरना देकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। विरोध स्वरूप अनूपगढ़ की धानमंडी को अनिश्चितकालीन बंद कर दिया गया। धरनास्थल पर कामरेड श्योपत राम मेघवाल, अनूपगढ़ विधायक शिमला नायक और व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील गोदारा सहित अन्य वक्ताओं ने सरकार पर गेहूं खरीद में आ रही अड़चनों को लेकर निशाना साधा। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि एमएसपी पर गेहूं खरीद से जुड़ी सभी समस्याएं तुरंत दूर की जाएं, अन्यथा आंदोलन तेज किया जाएगा। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि पुरानी व्यवस्था लागू होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इसके बाद सभी लोग नारेबाजी करते हुए एडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां एडीएम अशोक सांगवा को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में गेहूं की गुणवत्ता शर्तों में 100 प्रतिशत छूट देने, स्लॉट बुकिंग व्यवस्था समाप्त करने, पर्याप्त बारदाना उपलब्ध कराने और खरीद प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की गई। इस आंदोलन को आसपास की मंडियों के व्यापार मंडल अध्यक्षों का भी समर्थन मिला।
Leave a Reply