वार्ता # हैदराबाद। कप्तान इशान किशन (91) की तूफानी पारी के बाद प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन (4-4 विकेट) के ऐतिहासिक प्रदर्शन की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने सोमवार को राजस्थान रॉयल्स को 57 रनों से हराया। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की यह पहली हार है। 217 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरआर की शुरुआत बेहद खराब रही। डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे ने पहले ही ओवर में तीन विकेट लेकर टीम को झकझोर दिया। वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लुआन-द्रे प्रेटोरियस खाता भी नहीं खोल सके। अगले ओवर में साकिब हुसैन ने यशस्वी जायसवाल (1) को आउट किया। हिंगे ने अपने दूसरे ओवर में कप्तान रियान पराग (4) को भी पवेलियन भेज दिया। एक समय राजस्थान रॉयल्स ने 9 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। संकट की घड़ी में रवींद्र जडेजा और डॉनोवन फरेरा ने पारी संभाली और छठे विकेट के लिए 72 गेंदों में 118 रन जोड़े। 15वें ओवर में साकिब हुसैन ने फरेरा को आउट कर साझेदारी तोड़ी। फरेरा ने 44 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 69 रन बनाए। अगले ओवर में सलील अरोड़ा ने जडेजा (45 रन, 32 गेंद) को आउट किया। 17वें ओवर में साकिब ने जोफ्रा आर्चर (2) को चलता किया। अंत में इशान मलिंगा ने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर तुषार देशपांडे (25) को आउट कर 159 रन पर राजस्थान की पारी समाप्त की और हैदराबाद ने मुकाबला 57 रन से जीत लिया।
Leave a Reply