सीमा सन्देश# अनूपगढ़ भारतीय किसान संघ अनूपगढ़ के एक शिष्टमंडल ने बीकानेर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा से मुलाकात कर किसानों की प्रमुख समस्याओं को उठाते हुए खरीद से जुड़ी परेशानियों को विस्तार से रखते हुए समाधान की मांग की। शिष्टमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि कई स्वीकृत केंद्रों पर अब तक गेहूं की खरीद शुरू नहीं हो पाई है, जिससे किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि सभी केंद्रों पर तुरंत खरीद प्रक्रिया शुरू करवाई जाए, ताकि किसानों की फसल समय पर बिक सके। ज्ञापन में स्लॉट बुकिंग व्यवस्था को भी किसानों के लिए परेशानी का कारण बताते हुए संघ ने मांग की कि पंजीयन के अनुसार वरीयता क्रम में कम से कम 15 दिन का समय दिया जाए, ताकि किसान अपनी फसल आसानी से बेच सकें। साथ ही, खरीद की अंतिम तिथि 31 मई से बढ़ाकर 30 जून करने की मांग भी रखी गई। किसानों ने गेहूं खरीद के लिए पर्याप्त बारदाना उपलब्ध कराने और खरीद लक्ष्य बढ़ाने की मांग की, ताकि किसानों की पूरी फसल खरीदी जा सके। कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा ने किसानों को आश्वस्त किया कि सोमवार तक सभी खरीद केंद्रों पर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी तथा मुख्यमंत्री से चर्चा कर अन्य मांगों का उचित समाधान निकाला जाएगा। इस दौरान भारतीय किसान संघ के विनोद धारणिया, अनूपगढ़ की पूर्व विधायक संतोष बावरी, प्रेम सिंह बेनीवाल, प्रांत उपाध्यक्ष जसवंत सिंह चंदी, बलविंदर सिंह बहोलिया, प्रगट सिंह बराड़, कैलाश जाजड़ा, सिकंदर सिंह बराड़, जिला अध्यक्ष बलदेव सिंह, जिला अध्यक्ष जगदीश बिश्नोई और हरविंदर सिंह सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Leave a Reply