बॉर्डर पार ड्रोन से मंगाई 50 करोड़ की 10 किलो 830 ग्रामहेरोइन बरामद; पंजाब और राजस्थान के 5 तस्कर गिरफ्तार

Heroine baramd

सीमा सन्देश # श्रीगंगानगर। सीमा पार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ श्रीगंगानगर पुलिस, सीआईडी (आईबी) और बीएसएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 10 किलो 830 ग्राम हेरोइन के साथ 5 अंतरराज्यीय तस्करों को दबोचा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक श्री हरि शंकर ने बताया कि राजस्थान सरकार की ‘जीरो टॉलरेन्स’ नीति के तहत अवैध नशे और हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सीआईडी (आईबी) के उप निरीक्षक बंशीलाल को मुखबिर से सूचना मिली कि रावला थाना क्षेत्र के 7,8 एसकेएम रोही में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हेरोइन की डिलीवरी ली गई है और तस्कर माल के साथ 2 केएनडी के बंजर व बीहड़ इलाके में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायसिंहनगर रामेश्वरलाल और वृत्ताधिकारी प्रशांत कौशिक के सुपरविजन में पुलिस, बीएसएफ और सीआईडी की संयुक्त टीम ने इलाके को चारों तरफ से घेर लिया। तलाशी के दौरान 20 पैकेटों में भरी 10 किलो 830 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। साथ ही पुलिस ने मौके से 9 प्लास्टिक रेडियम स्टिक और पैकेटों की पैकिंग में प्रयुक्त सामग्री भी जब्त की।इस्तेमाल होने वाली पीली टेप के टुकड़े भी बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपितों की पहचान हरमेश उर्फ जोरा सिंह (32 साल) पुत्र तारासिंह निवासी धनुर, केसरीसिंहपुर, श्रीगंगानगर; रणजीत सिंह (29 साल) पुत्र करनेल सिंह निवासी 2 केएनडी, रावला; सोनू सिंह (25 साल) पुत्र प्रेम सिंह; कीर्तन सिंह (19 साल) पुत्र बलजीत सिंह; और गुरप्रीत सिंह (21 साल) पुत्र रायसिंह निवासी हजारा राम सिंह वाला, जलालाबाद, पंजाब के रूप में हुई है। इस पूरी कार्रवाई में बंशीलाल, उपनिरीक्षक सीआईडी (आईबी) जोन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रावला थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच (अनुसंधान) सूरतगढ़ सिटी थानाधिकारी दिनेश सारण को सौंपी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं। इस पूरी कार्रवाई में रावला थानाधिकारी सुमन जयपाल, एसआई बंशीलाल (सीआईडी आईबी), कांस्टेबल कालूराम, मुकेश कुमार, जगरुप सिंह, राजवीर, रवि कुमार और शंकर लाल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.