सीमा सन्देश # श्रीगंगानगर। राजस्थान–पंजाब बॉर्डर के साधुवाली क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पुलिस नाकेबंदी के दौरान एक शातिर शूटर और पुलिस के बीच आमने-सामने मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी शूटर आकाश (30) के पैर में गोली लगी, जिसे फिलहाल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना शाम करीब 7 बजे की है। जवाहरनगर थाना पुलिस साधुवाली बॉर्डर पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पंजाब की ओर से एक संदिग्ध बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी ने रफ्तार बढ़ाने की कोशिश की। खुद को घिरता देख बदमाश ने अपनी पैंट से पिस्टल निकाली और पुलिस टीम पर सीधा फायर कर दिया। बदमाश की ओर से की गई फायरिंग में पुलिस की सरकारी गाड़ी पर तीन गोलियां लगीं, हालांकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जवाहरनगर सीआई देवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली शूटर की टांग में लगी और वह बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा। घायल होने के बावजूद उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जाब्ते ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आईजी बीकानेर ओमप्रकाश और जिला एसपी हरीशंकर ने घटनाक्रम की जानकारी ली। एडिशनल एसपी रघुवीर प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में भारी पुलिस जाब्ता जिला अस्पताल पहुंचा, जहां आरोपी का उपचार चल रहा है। इस सफल ऑपरेशन में सीआई देवेन्द्र सिंह के साथ मीरा चौकी प्रभारी एसआई नरेश कुमार, हेड कांस्टेबल हरदेव सिंह, कांस्टेबल भारत, वीरेन्द्र और उग्रसेन की अहम भूमिका रही। पुलिस अब इस बात की गहनता से तफ्तीश कर रही है कि आगरा का यह शूटर पंजाब से गंगानगर किस मकसद से आ रहा था—क्या वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था या किसी गैंग के इशारे पर यहां पहुंचा था। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी की पहचान आकाश, निवासी आगरा (यूपी) के रूप में हुई है।
वारदात;श्रीगंगानगर पुलिस औरयूपी के शूटर के बीच एनकांउटर

Leave a Reply