फिर आई बम से उड़ाने की धमकी, पासपोर्टकार्यालय व मुख्य डाकघर करवाया खाली

Hanumangarh passport office

सीमा सन्देश # हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित मुख्य डाकघर परिसर में बने रिजनल पासपोर्ट कार्यालय को शुक्रवार को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एहतियातन पासपोर्ट कार्यालय व मुख्य डाकघर को तुरंत खाली करवाकर कर्मचारियों और आगंतुकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया तथा मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया गया। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12.35 बजे पासपोर्ट कार्यालय जयपुर से ई-मेल के माध्यम से धमकी की सूचना मिली, जिसके बाद डिवीजन कार्यालय से भी धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ। पोस्ट मास्टर बलवीर सिंह बराड़ ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम को अवगत करवाया गया और सुरक्षा के मद्देनजर कार्यालय बंद कर दिया गया। पुलिस टीम मेटल डिटेक्टर के साथ मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की सघन जांच की, हालांकि कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। मौके पर जंक्शन थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां, साइबर थाना प्रभारी रघुवीर सिंह बीका, महिला थाना प्रभारी रजनदीप कौर, एसआई गजेन्द्र शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 10 मार्च को भी इसी पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है, जबकि पूर्व में दो बार जिला कलक्ट्रेट को भी ऐसे धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं, जो जांच में झूठे पाए गए। लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए पुलिस व प्रशासन सतर्क है और हर सूचना को गंभीरता से लेकर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.