सीमा सन्देश # श्रीकरणपुर। सूरतगढ़ से चलकर यहां प्रात: 9.33 बजे पहुंचकर श्रीगंगानगर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन संख्या 54762 का समय रेलवे के उच्चाधिकारियों द्वारा 1 जनवरी 2026 से परिवर्तित कर 10.04 बजे (यहां पहुंचने का समय) कर दिया गया है। समय परिवर्तित होने के बाद यहां से ही नहीं, बल्कि रायसिंहनगर, गजसिंहपुर, केसरीसिंहपुर सहित सभी मंडियों के यात्री बेहद परेशान हो रहे हैं। इस रेल का पुराना समय करने के लिए अनेक बार यहां उत्तर पश्चिम रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक के नाम ज्ञापन भेजे गए हैं परंतु अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गई। स्टेशन अधीक्षक गौरव नारंग के माध्यम से मण्डल रेल प्रबन्धक, उत्तर-पश्चिम रेलवे बीकानेर के नाम दर्जनों लोगों के हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन भिजवाकर इस रेल संख्या 54762 का यहां पहुंचने का समय 09.33 किए जाने की पुरजोर मांग की गई है। इसमें बताया गया है कि सूरतगढ़ से चलकर वाया लूप कैनाल सादूलपुर तक संचालित होने वाली रेलगाड़ी संख्या 54762 के समय में परिवर्तन किए जाने से सूरतगढ़-श्रीगंगानगर रेलखंड के सैंकड़ों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में यह गाड़ी कभी भी अपने निर्धारित समय पर जिला मुख्यालय पर नहीं पहुंच रही। दैनिक यात्रियों के अलावा श्रीगंगानगर पहुंचकर आगे लंबी दूरी की गाड़ियां पकड़ने वाले यात्रियों को बेहद परेशानियों से जूझना पड़ता है। इन तथ्यों को ध्यान में रखते हुए इस गाड़ी को पूर्व की भांति सूरतगढ़ से वाया लूप कैनाल रेल खण्ड होते हुए चलाने की मांग की गई है। अन्य मांगों में श्रीगंगानगर से लूप कैनाल रेल खण्ड होते हुए सप्ताह में तीन दिन झालावाड़ के लिए चलने वाली गाड़ी को नियमित प्रतिदिन करने, गंगानगर से जैसलमेर के लिए इसी मार्ग से होते हुए एक साधारण यात्री गाड़ी नियमित रूप से चलाने, बीकानेर-अमृतसर सप्ताहिक रेल गाड़ी के फेरे बढ़ाए जाने, श्रीकरणपुर रेलवे प्लेटफार्म नं. 2 पर सुलभ केन्द्र तथा एक लंबा तथा बड़ा शैड बनाए जाने की मांग भी क्षेत्रवासियों की ओर से की गई है।
रेलवे सम्बन्धी विभिन्न समस्याओं को लेकर उठाई मांग

Leave a Reply