राजे बोली, मेरे बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अपने वायरल बयान पर स्पष्टीकरण देते हुए इसे सुनियोजित षड्यंत्र बताया है। उन्होंने कहा कि उनके लिए जनता का स्नेह किसी भी राजनीतिक पद से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है और इसे गलत संदर्भ में प्रचारित किया गया है। राजे ने झालावाड़ के कामखेड़ा बालाजी प्रांगण में सांसद दुष्यंत सिंह की पदयात्रा के दौरान दिए गए बयान पर उठे विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनके साधारण संवाद को जानबूझकर तोड़-मरोड़कर पेश किया गया, जिससे जनता को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है। राजे ने कहा कि झालावाड़ उनके लिए केवल राजनीतिक क्षेत्र नहीं, बल्कि परिवार जैसा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी किसी पद की इच्छा व्यक्त नहीं की, बल्कि हमेशा जनहित और जनता के साथ अपने रिश्ते को सर्वोपरि रखा है। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि धौलपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के दौरान उन्हें अपने घर की बाउंड्री भी नियमों के तहत पीछे हटानी पड़ी थी। ऐसे में वे किसी और के लिए नियमों में बदलाव नहीं कर सकतीं। ऐसे में उनके बयान को राजनीतिक रंग देना दुर्भाग्यपूर्ण है। बारां दौरे के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद में भी उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर उनके बयानों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करते हैं। हालांकि, जनता के समर्थन से ऐसे प्रयास पहले भी विफल हुए हैं और आगे भी नहीं होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.