सीमा सन्देश # नोहर। क्षेत्र के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से समस्याओं से जूझ रहे श्री बालकृष्ण बिहानी स्टेडियम के कायाकल्प की दिशा में अब ठोस पहल शुरू हो गई है। मंगलवार को स्टेडियम की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों को लेकर प्रशासन और खेल से जुड़े लोगों के बीच एक अहम बैठक आयोजित हुई, जिसमें भविष्य की योजनाओं पर गंभीर मंथन किया गया। बैठक में जिला फुटबॉल संघ हनुमानगढ़ के सचिव शशिकांत शर्मा, व्यापार संघ अध्यक्ष संजय मोदी, विद्यालय प्रधानाचार्य महेन्द्र मिश्रा, राजस्थान फुटबॉल टीम के कप्तान गुलफाम खान, जे के वर्मा सहित कई खेलप्रेमी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से उपखंड अधिकारी राहुल श्रीवास्तव, ईओ बसंत सैनी और जेईएन सुशील सिहाग ने समस्याओं को गंभीरता से सुना। स्टेडियम में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सामने रखे गए। इनमें बास्केटबॉल कोर्ट तैयार करना, लॉन टेनिस कोर्ट की मरम्मत, ओपन जिम को दुरुस्त करना और खेल मैदानों में हरियाली बढ़ाने के लिए ग्रासिंग करवाना शामिल है। साथ ही, स्टेडियम की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने और पेड़-पौधों की सिंचाई के लिए अतिरिक्त ट्यूबवेल लगाने की मांग भी प्रमुख रही। खिलाड़ियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए टेबल टेनिस हॉल में अटैच बाथरूम के जीर्णोद्धार, स्टेडियम के लिए अलग बिजली आपूर्ति और ट्रांसफार्मर लगाने जैसे बिंदुओं पर भी चर्चा हुई। वहीं, स्टेडियम के बेहतर रखरखाव के लिए एक विशेष सोसायटी के गठन का प्रस्ताव भी सामने आया, जिससे व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें। बैठक का सबसे सकारात्मक पहलू यह रहा कि प्रशासन ने अधिकांश मांगों पर सहमति जताते हुए जल्द ही काम शुरू करने का भरोसा दिया। इससे खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में नोहर का यह स्टेडियम आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होकर क्षेत्र के खेल विकास में नई पहचान बनाएगा। विदित रहे कि जिला फुटबॉल संघ के सचिव शशिकांत शर्मा के नेतृत्व में गत दिनों बिहानी स्टेडियम की विभिन्न समस्याओं को लेकर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन दिया गया था, इसी ज्ञापन के आधार पर प्रशासनिक स्तर पर बैठक आयोजित कर प्रत्येक समस्या पर बिंदुवार चर्चा की गई तथा उसके निराकरण के निर्देश दिए गए।
बिहानी स्टेडियम में जल्द शुरू होंगे विकास कार्य

Leave a Reply