गौरव पथ पर टायर अतिक्रमण हटाया,बड़ी कार्रवाई में कई टायर जब्त किए

सीमा सन्देश # नोहर। कस्बे की गौरव पथ पर टायर रखकर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। टीम के पहुंचते ही अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया और लोग जल्दबाजी में टायर हटाने लगे। बावजूद इसके कई जगहों से प्रशासन ने भारी मात्रा में टायर जब्त किए। प्रशासन ने दो टूक कहा कि आम रास्तों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बार-बार चेतावनी के बाद भी टायर नहीं हटाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नगरपालिका और पीडब्ल्यूडी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि आगे भी नियमित अभियान चलाया जाए।

प्रशासन ने बताया कि मुख्य मार्ग से टायर हटाने को लेकर पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे, मगर टायर नहीं हटाने के कारण प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी है। सेक्टर-5 के लोगों ने उपखंड कार्यालय में शिकायत देकर टायर हटाने की मांग की थी। उनका कहना था कि टायरों के ढेर से प्रदूषण फैलने के साथ आग लगने का खतरा बना रहता है। वहीं बारिश में इनमें पानी भरने से मच्छर पनपते हैं, जिससे बीमारियों का अंदेशा बढ़ जाता है।

इस संबंध में नागरिकों द्वारा उपखंड अधिकारी के समक्ष एक वाद भी दायर किया गया था, जिसमें उपखंड अधिकारी द्वारा टायरों को हटाने को लेकर फैसला दिया जा चुका है। इस मार्ग पर स्थित मंदिरों की चारदीवारी को पुजारियों द्वारा पूर्व में खुद हटाकर प्रशासन का सहयोग किया गया। इस अवसर पर आईएएस राहुल श्रीवास्तव, ईओ बसंत सैनी, पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अधिकारी विनोद कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।

गौरव पथ मार्ग पिछले लंबे समय से पूरी तरह टूट चुका है, जिसको लेकर नगर पालिका द्वारा नई सड़क बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। जल्द ही गौरव पथ मार्ग पर नई सड़क का निर्माण होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.