गेहूं खरीद और सड़कों की गुणवत्ता पर जोर

सीमा सन्देश # श्रीगंगानगर। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद कुलदीप इंदौरा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए सांसद ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में देरी और गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्य समय पर पूरे किए जाएं, अन्यथा संबंधित ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

आगामी गेहूं खरीद सीजन को देखते हुए सांसद ने एफसीआई और कृषि विपणन विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीद की सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं, मंडियों में बारदाने की कमी न हो और खरीद के बाद गेहूं का उठाव तत्काल सुनिश्चित किया जाए ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सांसद इंदौरा ने निर्देश देते हुए कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचे। सड़कों के जाल और शहर के विकास को लेकर उन्होंने सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने और नई सड़कों के प्रस्ताव विधानसभा क्षेत्रवार विधायकों से लेने के निर्देश दिए। वहीं विधायक जयदीप बिहाणी ने शहर की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि 2023-24 में जिन सड़कों के शिलान्यास हुए थे, उन्हें जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने एलएनटी और अन्य एजेंसियों को हिदायत दी कि मानसून से पहले अधूरे कार्य पूरे किए जाएं।

बैठक में सादुलशहर विधायक गुरवीर सिंह बराड़, रायसिंहनगर विधायक सोहन नायक, अनूपगढ़ विधायक संतोष, जिला प्रमुख दुलाराम इंदलिया सहित एसपी हरीशंकर, जिला परिषद सीईओ गिरधर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.