गुजरात की आईपीएल-19 में पहलीजीत:दिल्ली को एक रन से हराया

नई दिल्ली। गुजरात टाइटंस (जीटी) ने बुधवार को आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ एक रन से रोमांचक जीत दर्ज की। डीसी के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल ने जीटी की नाक में जमकर दम किया। वह महज 8 रनों से शतक से चूक गए। बतौर ओपनर उतरे राहुल ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 52 गेंदों में 92 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और दो छक्के शामिल रहे।

वह आईपीएल में छठे शतक से चूकने के बाद एक अनचाहे क्लब में शामिल हो गए हैं। दरअसल, राहुल आईपीएल में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा 90 प्लस स्कोर पर आउट होने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। वह तीसरी बार नर्वस नाइंटीज (90 से 99 रनों के बीच आउट होना) का शिकार हुए। ऋतुराज गायकवाड़, ग्लेन मैक्सवेल और डेविड वॉर्नर भी तीन-तीन बार 90 प्लस स्कोर पर विकेट गंवा चुके हैं।

राहुल ने वॉर्नर का एक रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। वह आईपीएल में सबसे ज्यादा 75 प्लस स्कोर बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। राहुल अब तक 20 बार ऐसा कर चुके हैं, जबकि डेविड वॉर्नर ने 19 बार यह उपलब्धि हासिल की है। इस सूची में शीर्ष पर वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज क्रिस गेल हैं, जिन्होंने 23 बार 75 प्लस स्कोर बनाया है। उनके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विराट कोहली हैं, जिन्होंने 22 बार ऐसा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.