सीमा सन्देश # श्रीगंगानगर। कोलकाता के एक फर्जी एड्रेस से आई एक ‘चिट्ठी’ ने दहशत मचा दी। इस चिट्ठी के जरिए श्रीगंगानगर जिला कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके चलते सुरक्षा एजेंसियां, पुलिस टीमें अलर्ट मोड पर आ गईं। सूचना पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। इस धमकी की सूचना पर तुरंत सभी अधिवक्ताओं के चेंबर खाली करवा लिए गए। बीकानेर से बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। पूरे परिसर में सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि जांच के बाद कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। अधिवक्ताओं ने बताया कि सर्च अभियान पूरा होने के बाद स्थिति पूरी तरह सामान्य नजर आई। हालांकि कोर्ट परिसर के एंट्री और एग्जिट गेट पर कड़ी निगरानी जारी है। टीमों ने वकीलों के चेंबर, न्यायिक अधिकारियों के कक्ष समेत पूरे परिसर की जांच की। बम निरोधक दस्ते की क्लियरेंस मिलने के बाद कोर्ट में काम शुरू हुआ। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पासपोर्ट कार्यालय को इस तरह की धमकी मिली थी।
कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सर्च आॅपरेशन चलाया

Leave a Reply