पुलिस की बड़ी कार्रवाई; पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए मंगाई गई हेरोइन और विदेशी हथियारों की खेप पकड़ी

sriganganagar update

सीमा सन्देश # श्रीगंगानगर। भारत–पाकिस्तान सीमा से सटे श्रीगंगानगर जिले में पुलिस ने नशा तस्करों और देश विरोधी ताकतों के मंसूबों को नाकाम करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। जिला पुलिस ने ड्रोन के माध्यम से पाकिस्तान से मंगाई गई 985 ग्राम हेरोइन, 1.494 किलोग्राम अफीम और भारी मात्रा में विदेशी हथियारों के साथ पंजाब के दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई फिल्मी अंदाज में हुई, जब पुलिस ने ‘समेजाकोठी’ थाना क्षेत्र के ग्राम सलेमपुरा में नाकाबंदी की। संदिग्ध कार को रोकने के प्रयास में तस्करों ने पुलिस की निजी बोलेरो को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर रास्ता ब्लॉक किया, लेकिन तस्करों ने नाकाबंदी तोड़ने के लिए ट्रॉली में भी टक्कर मार दी, जिससे उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि यह कार्रवाई मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक राजस्थान के ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान के तहत की गई है। उन्होंने समेजाकोठी थानाधिकारी कृष्ण कुमार (पुनि.), विनोद कुमार (सउनि.) और पूरी टीम की सराहना की। विशेष रूप से कांस्टेबल कालूराम और सूरजभान की सूचना और भूमिका इस ऑपरेशन में निर्णायक रही। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा संख्या 81/2026 दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.