पल्लू :धर्मनगरी में दमकल वाहन की कमी बनी चिंता का विषय, लोग परेशान

सीमा सन्देश # पल्लू। तहसील क्षेत्र की धर्मनगरी में लगातार बढ़ रही आगजनी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। दमकल वाहन की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण हर छोटी-बड़ी घटना में लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। क्षेत्र में प्रति माह आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन दमकल वाहन के अभाव में समय पर राहत नहीं मिल पाती। ऐसे में ग्रामीणों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार प्रशासन को अवगत करवाया जा चुका है, बावजूद इसके अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि धर्मनगरी में प्रसिद्ध मंदिर के साथ-साथ आसपास करीब 25 से अधिक धर्मशालाएं स्थित हैं, जहां मेलों और धार्मिक आयोजनों के दौरान हजारों श्रद्धालु एकत्रित होते हैं। ऐसी स्थिति में सुरक्षा के लिए दमकल वाहन की व्यवस्था बेहद जरूरी हो जाती है। इंतजार ;आगजनी की घटनाओं से हो रहा नुकसान, पहले भी लोग उठा चुके हैं मांग लेकिन कहीं भी नहीं हो रही सुनवाई पिछले दो वर्षों में क्षेत्र में आगजनी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें दमकल की अनुपलब्धता के कारण लोगों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। कई बार आग बुझाने के लिए दूर-दराज के शहरों से दमकल वाहन बुलाना पड़ता है, जिससे घटनास्थल तक पहुंचने में देरी हो जाती है और नुकसान बढ़ जाता है। 60 से 120 किलोमीटर दूर से बुलानी पड़ती है मदद :आग लगने की स्थिति में रावतसर, नोहर या जिला मुख्यालय से दमकल वाहन मंगवाना पड़ता है, जो लगभग 60 से 120 किलोमीटर दूर हैं। ऐसे में वाहन के पहुंचने में घंटों का समय लग जाता है, तब तक काफी नुकसान हो चुका होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.