विधायक की टिप्पणी पर वकीलों में आक्रोश

sgnr update

सीमा सन्देश # श्रीगंगानगर आरयूआईडीपी अधिकारियों और भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी के बीच हुए हालिया विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। अधिकारियों के बाद अब जिले का वकील समुदाय भी विधायक के खिलाफ लामबंद हो गया है। वकीलों का आरोप है कि विधायक ने न केवल कानून के रखवालों के प्रति अमर्यादित टिप्पणी की, बल्कि एक अधिवक्ता को निजी तौर पर धमकाया भी है। विवादित बयान और धमकियों के विरोध में सोमवार को बार एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हंसराज तनेजा ने बताया कि विधायक ने सार्वजनिक रूप से वकील समुदाय के सम्मान को ठेस पहुंचाई है। हंसराज तनेजा ने कहा कि विधायक ने न केवल वकीलों के बारे में अपमानजनक बातें कहीं, बल्कि उनके साथी एडवोकेट कृष्ण अलीपुरा के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दीं। पीड़ित एडवोकेट कृष्ण अलीपुरा ने बैठक में अपनी व्यथा साझा करते हुए कहा कि विधायक और उनके समर्थकों से उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है। इस डर के साये में वकीलों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और एडवोकेट कृष्ण अलीपुरा को तुरंत पुलिस सुरक्षा प्रदान करने तथा वकील समुदाय पर की गई टिप्पणी के मामले में विधायक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। बैठक के अंत में सभी वकीलों ने एक स्वर में विधायक जयदीप बिहाणी के आचरण की निंदा की और उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया। वकीलों ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि प्रशासन ने विधायक के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.