जयपुर। बढ़ती महंगाई के बीच राजस्थान सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनधारियों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई है। अब सातवें वेतनमान के तहत कर्मचारियों और पेंशनर्स को 58 प्रतिशत की जगह 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता/राहत मिलेगा। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगी। इस निर्णय से करीब 7.02 लाख कर्मचारी और 5.44 लाख पेंशनर्स लाभान्वित होंगे। पंचायत समिति और जिला परिषद के कर्मचारी भी इसके दायरे में आएंगे। सरकार के आदेश के अनुसार मई 2026 के वेतन (जून में देय) से बढ़ा हुआ भत्ता नकद दिया जाएगा, जबकि जनवरी से अप्रैल 2026 तक का एरियर जीपीएफ खाते में जमा होगा।
प्रयागराज। बलिदान के लिए तैयार रहें : राजा भैया। रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ ने करैली में आयोजित कथा कार्यक्रम में समाज की एकता और सनातन मूल्यों पर जोर दिया। कार्यक्रम में बागेश्वर धाम के बाबा धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री भी मौजूद रहे। राजा भैया ने कहा कि सनातन और भगवा ध्वज बलिदान मांगेंगे, हमें इसके लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव आ रहे हैं, यदि कोई प्रत्याशी कहे कि वह वंदे मातरम नहीं गाएगा तो उसका विरोध होना चाहिए। राम नवमी, हनुमान जयंती और दुर्गा विसर्जन जैसे आयोजनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि इन अवसरों पर जुलूसों पर पत्थर क्यों बरसते हैं।
Leave a Reply