सरकारी स्कूलों का स्तर सुधरा, निजी स्कूलों से बेहतर परिणाम : मंत्री

सीमा सन्देश # पीलीबंगा। शिक्षा (विद्यालयी/संस्कृत) एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर हनुमानगढ़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्कूलों का निरीक्षण किया तथा महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अयालकी में 4.5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए भवन का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। मंत्री ने ग्राम पंचायत बनवाला स्थित महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से सवाल-जवाब किए तथा प्रिंसिपल से नामांकन और नव प्रवेश को लेकर जानकारी ली। साथ ही स्कूल परिसर में साफ-सफाई और पिंक टॉयलेट की स्थिति का भी जायजा लिया। इसके बाद मंत्री ने पक्का भादवा में महिला सफाईकर्मियों से संवाद कर सफाई व्यवस्था और उन्हें मिलने वाले वेतन आदि के बारे में जानकारी ली।अयालकी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है और इस वर्ष निजी स्कूलों से भी आगे निकला है। उन्होंने बताया कि 12वीं कक्षा में सरकारी स्कूलों का परीक्षा परिणाम निजी स्कूलों की तुलना में 2.3 फीसदी अधिक रहा है। इस मौके पर उन्होंने टॉपर्स नव्या मीणा, सोनू आदि का उल्लेख किया। मंत्री ने कहा कि पहले जहां किताबें देर से मिलती थीं, अब सत्र के पहले दिन ही विद्यार्थियों को पुस्तकें उपलब्ध हो रही हैं। ड्रेस का पैसा सीधे खातों में दिया जा रहा है तथा बालिकाओं को साइकिल, टैबलेट और स्कूटी जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं। उन्होंने शिक्षकों को और अधिक मेहनत करने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी हैं। बच्चों में नैतिक मूल्यों का विकास परिवार और गुरुजनों से होता है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि कक्षा में मोबाइल के उपयोग से पढ़ाई प्रभावित होती है, इसलिए शिक्षकों के लिए मोबाइल लेकर आने पर सख्ती की गई है और उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.