बीकाजी के सीएमडी शिवरतनअग्रवाल ‘फन्ना बाबू’ का निधन

BIKAJI~RIP-Fanna babu

उद्योग जगत व बीकानेर संभाग के उद्यमियों में शोक की लहर दौड़ गई है। बीकानेर। बीकाजी फूड्स इंटरनेशनल लिमिटेड के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर शिवरतन अग्रवाल ‘फन्ना बाबू’ का गुरुवार सुबह चेन्नई में निधन हो गया। उनके निधन से उद्योग जगत, व्यापारिक संगठनों और बीकानेर के सामाजिक क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। शिवरतन अग्रवाल ने बीकाजी को देश-विदेश में स्थापित कर वैश्विक पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में पारंपरिक भुजिया और नमकीन अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचे और बीकानेर का स्वाद विश्व स्तर पर पहचाना गया। वे दूरदर्शी सोच, सरल स्वभाव और व्यावसायिक कुशलता के लिए जाने जाते थे तथा अत्यंत मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। वे केवल सफल उद्योगपति ही नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कार्यों में सहयोग देने वाले बड़े भामाशाह के रूप में भी पहचाने जाते थे। वर्तमान में उनके पुत्र दीपक अग्रवाल कंपनी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। बीकानेर सांसद व केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल सहित मंत्रियों, विधायकों और अनेक जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उद्योग, समाजसेवा और बीकानेर को वैश्विक पहचान दिलाने में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उनके निधन से न केवल बीकानेर संभाग बल्कि समूचे राजस्थान ने एक प्रेरणादायी व्यक्तित्व को खो दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.