सीमा सन्देश # श्रीगंगानगर। नगरसिंहपुरा बारानी क्षेत्र में प्रस्तावित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को लेकर प्रशासन और ग्रामीणों के बीच टकराव की स्थिति बन गई है। गुरुवार को भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में नगर परिषद ने प्लांट की जमीन की निशानदेही कर बाउंड्रीवाल का काम शुरू कराया, जिसका ग्रामीणों और स्थानीय विधायक ने कड़ा विरोध किया। एसडीएम, तहसीलदार, सीओ (ग्रामीण) व सीओ (शहर) सहित पुलिस जाब्ते के साथ नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस रास्ते से जेसीबी और वाहन लाए गए, वह बुधराम का निजी रास्ता है, जिस पर कोर्ट का स्थगन आदेश लागू है, बावजूद इसके विवादित मार्ग का उपयोग किया गया। विरोध में ग्रामीणों ने वाहन रोके, एक ग्रामीण जेसीबी के आगे लेट गया, लेकिन पुलिस बल के आगे विरोध बेअसर रहा। तहसीलदार द्वारा भूमि की पैमाइश व निशानदेही के बाद नगर परिषद ने जेसीबी से बाउंड्रीवाल के लिए खुदाई शुरू कर दी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाकर धरना स्थल के टेंट व सामान जब्त कर नगर परिषद के सुपुर्द कर दिया। विवाद की सूचना पर करणपुर विधायक रूपिंदर सिंह कुन्नर मौके पर पहुंचे और प्रशासन की कार्रवाई को तानाशाही बताते हुए कहा कि ग्रामीणों की भावनाओं के खिलाफ यहां किसी भी कीमत पर कचरा प्लांट नहीं लगने दिया जाएगा।
Leave a Reply