इलेक्ट्रिक स्कूटी के शोरूम में लगी भीषण आग

40 से ज्यादा स्कूटी जलकर खाक | सीमा सन्देश | अनूपगढ़
अनूपगढ़ के रावला बस स्टैंड वाली रोड पर स्थित फुटेला एसोसिएट के इलेक्ट्रिक स्कूटी शोरूम में मंगलवार सुबह अचानक आग लग गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही समय में पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। आगजनी की इस घटना में शोरूम में खड़ी 40 से ज्यादा इलेक्ट्रिक स्कूटी जलकर खाक हो गईं। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शोरूम के प्रोपराइटर पवन फुटेला ने अनूपगढ़ थाने में परिवाद देकर बताया कि सुबह करीब 5:50 बजे उन्हें शोरूम में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर पूरा शोरूम आग की लपटों से घिरा हुआ था।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पवन फुटेला के अनुसार आगजनी से शोरूम में खड़ी करीब 45 से 50 नई व पुरानी इलेक्ट्रिक स्कूटी के अलावा एसेसरीज, बैटरियां, फर्नीचर और जरूरी दस्तावेज जलकर खाक हो गए। इस हादसे में लगभग 30 से 40 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.