सीमा संदेश # सादुलशहर। गांव लालगढ जाटान से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर चक आठ एलएलजी की रोही में एक निजी कंपनी के निर्माणाधीन सोलर प्लांट के साथ-साथ ग्रामीणों के खेतों तथा रास्तों में बिना सहमति के बिजली के खंभे लगाकर तार खींचने, पिल्लर रोपने का मामला छठे दिन भी गर्माया रहा। प्रभावित ग्रामीणों ने जहां धरना लगाकर विरोध जारी रखा, वहीं काफी संख्या में प्रभावित किसान सादुलशहर के पूर्व विधायक जगदीशचंद्र जांगिड के नेतृत्व में श्रीगंगानगर कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव से मुलाकात की तथा कार्रवाई करवाने की मांग भी की। पूर्व विधायक जांगिड ने कलेक्टर को बताया कि निजी कंपनी के अधिकारियों द्वारा किसानों की बरानी भूमि एवं सार्वजनिक रास्तों में बिजली के खंभे तथा तार एवं पिल्लर आदि लगाए गए हैं, जो उचित नहीं है। इससे छोटे किसान जहां प्रभावित होंगे, वहीं आवागमन में भी दुविधा होगी। छोटे किसानों को उनकी भूमि का नुकसान होगा। फसलों पर बिजली के तार टूटकर गिरने की आशंका बनी रहेगी। समस्या का समाधान करवाकर किसानों को राहत दिलाई जाए। वहीं प्रभावित किसानों का चक आठ एलएनपी की रोही में धरना दूसरे दिन जारी रहा। ये थे मौजूद: श्रीगंगानगर पंस प्रधान पुरुषोत्तम सिंह बराड, जिला परिषद सदस्य सुखप्रीत कौर, ब्लॉक अध्यक्ष लालचंद मेघवाल, कपिल जाखड, नीटू खालिया, पृथ्वीराज, लूणाराम, हनुमान सुथार, महेंद्र कुमार, महेश कुमार, कुलदीप साहू, प्रेम कुमार, सुरेंद्र नायक, मांगीलाल रिवाड, राय सिंह, सुनील कुमार सहित प्रभावित किसान शामिल थे।
Leave a Reply