चंद मिनटों में बना आग का गोला, लाखों का नुकसान चलते ट्रक में भीषण आग, मचा हड़कंप

सीमा संदेश # नोहर। आपुवाला के पास सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक चलते ट्रक में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि पूरा ट्रक कुछ ही मिनटों में धधकते हुए आग के गोले में तब्दील हो गया। घटना के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक सूखे चारे से पूरी तरह भरा हुआ था। जैसे ही आग लगी, चारे ने आग को तेजी से फैलने में ‘घी का काम’ किया और लपटें आसमान तक उठती दिखाई दीं। आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि दूर से ही धुएं का गुबार नजर आने लगा। हादसे के वक्त ट्रक चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत खतरे को भांप लिया और ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई।ट्रक में लगी आग से चारा जला चालक की तत्परता के चलते एक बड़ी जनहानि टल गई, वरना स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत की, तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक ट्रक और उसमें भरा पूरा चारा जलकर पूरी तरह राख हो चुका था। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं। हादसे के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। जानकारी अनुसार तारानगर तहसील राजपुरा गांव निवासी राकेश मेघवाल अपने साथी लीलाधर स्वामी के साथ ट्रक में तुड़ी भरकर अपने गांव गौशाला के लिए ले जा रहे थे। तभी अचानक घटना घट गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published.