वेतन वृद्धि की मांग को लेकर बवाल , प्रदर्शन हिंसक

नई दिल्ली। यूपी के नोएडा में सोमवार को वेतन वृद्धि की मांग को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। रविवार को जिला प्रशासन, पुलिस और प्राधिकरण के अधिकारियों ने बैठक कर कर्मचारियों की मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद सोमवार को आंदोलन और उग्र हो गया, जिसमें प्रदर्शनकारियों ने वाहनों में आगजनी, तोड़फोड़ और पथराव किया। नोएडा के सेक्टर-59, 62, 63 और फेज-2 समेत कई इलाकों में बड़ी संख्या में कर्मचारी सड़कों पर उतर आए। वेतन बढ़ाने, ओवरटाइम का भुगतान और छुट्टियों के स्पष्ट प्रावधान की मांग को लेकर श्रमिकों ने विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों की प्रमुख मांग है कि न्यूनतम वेतन 13 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपये किया जाए। यातायात पूरी तरह प्रभावित प्रदर्शनकारियों ने कई प्रमुख सड़कों पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात व्यवस्था ठप हो गई। एनएच-9 पर भी बड़ी संख्या में श्रमिकों के जमा होने से आवागमन बाधित रहा। इंदिरापुरम की ओर जाने वाला अंडरपास बंद कर दिया गया, जिससे दफ्तर जाने वाले लोगों व यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।हिंसा व आगजनी से बिगड़े हालात प्रदर्शन के दौरान सेक्टर-84 में चार वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया, जबकि फेज-2 क्षेत्र में कई जगह तोड़फोड़ की गई। मदरसन कंपनी के पास भी उपद्रवियों ने वाहनों को नुकसान पहुंचाया। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी और कमांडो घायल हो गए। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.