सीमा सन्देश # श्रीगंगानगर। राजस्थान सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में श्रीगंगानगर पुलिस और बीएसएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पार से पाकिस्तान द्वारा ड्रोन के जरिए भेजी गई 2 किलो 340 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद कर तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया है।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त की जा रही क्रेटा गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि सीमा पार से मंगवाई गई इस करोड़ों की हेरोइन की डिलीवरी पंजाब और राजस्थान में किन-किन ठिकानों पर की जानी थी।
जिला पुलिस अधीक्षक हरि शंकर ने जानकारी देते हुए बताया कि 6 अप्रैल को बीएसएफ की 163 बटालियन के उपनिरीक्षक अतुल शर्मा और उनकी टीम को बॉर्डर क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। तलाशी के दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास से एक काला बैग बरामद हुआ, जिसमें 2 किलो 340 ग्राम हेरोइन के साथ एक शॉल, लोअर और दो जोड़ी जूते मिले। पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 8 अप्रैल को पुलिस ने पंजाब के अलग-अलग क्षेत्रों से चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों में गुरजंट सिंह (28) निवासी रामपुरिया रैया थाना मेहताबपुर, गुरविंदर सिंह उर्फ जिंद (25) निवासी बिटला जालंधर, नरेंद्र सिंह उर्फ काका (21) निवासी काटगढ़ फाजिल्का तथा एक अन्य आरोपी शामिल हैं।
यह पूरी कार्रवाई महानिदेशक पुलिस (जयपुर) और महानिरीक्षक पुलिस (बीकानेर रेंज) के निर्देशानुसार जिला एसपी हरि शंकर के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस ऑपरेशन में थाना समेजा कोठी और बीएसएफ की टीमों ने आपसी समन्वय से देश विरोधी ताकतों के मंसूबों को नाकाम किया।
Leave a Reply