हाथियांवाली सब सेंटर बंद, इलाज केलिए इधर-उधर भटकते रोगी परेशान

Sadhulsher

सादुलशहर। सादुलशहर ब्लॉक अंतर्गत निकटवर्ती गांव हाथियांवाली में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग का उप स्वास्थ्य केंद्र जहां अधिकांशतया बंद रहता है, वहीं केंद्र के चारों तरफ कूड़ा-कचरा, घास-फूस ही दिखाई दे रहा है। खास यह भी है कि केंद्र के बाहर सूचना पट्टिका पर न तो दिनांक अंकित है, न ही केंद्र प्रभारी अथवा चिकित्सा कर्मी का नाम एवं मोबाइल नंबर अंकित है। केंद्र कब खुलता है और कब बंद होता है, इसकी जानकारी रोगी एवं ग्रामीणों को नहीं मिलती। किसान सभा के जिला उपाध्यक्ष कौर सिंह सिधू, सामाजिक कार्यकर्ता राजन वर्मा ने बताया कि इस केंद्र पर इलाज करवाने रोगी आते हैं और बंद देखकर निराश होकर चले जाते हैं। इससे भी बुरा हाल यह है कि केंद्र का पिछवाड़ा और चारदीवारी का भी बुरा हाल है, गंदगी का साम्राज्य है। दुर्भाग्य यह भी है कि गर्मी के शुरू होते ही मच्छरों की भरमार है। वहीं केंद्र परिसर में गंबुशिया मछली प्लांट स्थापित है परंतु प्लांट में पानी सड़ांध मार रहा है, मरी हुई मछलियां पानी की सतह पर तैर रही हैं। अच्छा तो यह कि प्लांट में से गंदा दूषित पानी, मरी हुई मछलियां निकलवाकर साफ सफाई करवा दी जाए, ताकि बीमारियां फैलने की आशंका न रहे। बीसीएमओ डॉ. लक्ष्य सिंह पड़िहार ने बताया कि हाथियांवाली सब सेंटर भवन को करीब तीन माह पूर्व नकारा घोषित किया जा चुका है। मौजूदा सब सेंटर के भूखंड नियम के अनुसार 36 गुणा 52 वर्ग फुट का है, जबकि विभाग नया सब सेंटर भवन बनाने के लिए 40 गुणा 70 वर्ग फुट का भूखंड चाह रहा है। एएनएम अवकाश पर है। अतिरिक्त चार्ज एएनएम हरप्रीत कौर को दे रखा है। इलाज मिलना तो दूर, सेंटर खुद ही बीमार। सेक्टर प्रभारी बोले: बीस दिन पूर्व एएनएम ने चार्ज संभाला, 10 मार्च को अवकाश पर चली गई। अमरगढ़ पीएचसी एवं सेक्टर प्रभारी डॉ. राकेश चावला ने बताया कि हाथियांवाली के सब सेंटर पर करीब बीस दिन पूर्व एएनएम सुमन ने चार्ज संभाला था परंतु दस मार्च से पीएल लेकर चली गई, इसलिए इसका अतिरिक्त चार्ज गांव खीचड़ावाली स्थित सब सेंटर की एएनएम हरप्रीत कौर को दिया हुआ है, जो सप्ताह में तीन दिन हाथियांवाली सेंटर पर सेवाएं देती है। साफ सफाई एवं गंबुशियां प्लांट में मरी मछलियों का मौका मुआयना किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.