सीमा सन्देश # हनुमानगढ़। प्रदेश में आगामी दो से तीन दिनों तक मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि 26 व 27 मार्च को सीमावर्ती क्षेत्रों और शेखावाटी इलाके में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 से 30 मार्च के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में मौसम बदल सकता है। 28 मार्च को पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 29 और 30 मार्च को इस विक्षोभ का सबसे अधिक प्रभाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ क्षेत्रों में तेज मेघगर्जन, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि खुले में रखी पकी हुई फसल, कृषि मंडियों और धान मंडियों में रखे अनाज व जिंसों को ढककर रखें या सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें, ताकि बारिश से होने वाले नुकसान से बचा जा सके। मौसम का मिजाज बिगड़ा, किसान चिंता में- सीमा सन्देश # टोपरियां। गांव में पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। अचानक बादल छाने बुधवार को भी आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही, जबकि मंगलवार को दिनभर धूप-छांव का सिलसिला चलता रहा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की आशंका जताई है। इस मौसमी बदलाव के चलते किसान अपनी उपज को सुरक्षित करने में जुट गए हैं। उन्हें आशंका है कि यदि और बारिश होती है, तो उनकी खड़ी और कटी हुई फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। बारिश की आशंका को देखते हुए किसान सुबह से शाम तक खेतों में अपनी उपज को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। खेतों से लेकर खलिहानों तक किसानों की भागदौड़ साफ देखी जा रही है। खेतों में कटाई का काम भी तेजी से कराया जा रहा है ताकि फसल को जल्द से जल्द सुरक्षित किया जा सके। किसान लगातार आसमान की ओर नजरें गड़ाए हुए हैं। पिछले कुछ दिनों से मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है, जिससे उनकी चिंताएं बढ़ गई हैं।
हनुमानगढ़ : 2-3 दिन मौसम शुष्क,28 से आंधी-बारिश की संभावना

Leave a Reply