जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास का उजियारा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार सामाजिक न्याय के आदर्शों पर चलते हुए ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ काम कर रही है।
वंचित वर्गों के सशक्तीकरण पर फोकस करते हुए उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार मामलों में 28% से अधिक कमी आई है। छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत लाखों विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता दी गई है और सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर 1450 रुपये कर दी गई है।
सीएम ने कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से अंबेडकर के सिद्धांतों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में योजनाओं का लाभ वंचित वर्गों को मिला है।
बड़ी सौगातें और विकास कार्यों के तहत पेंशन व पालनहार योजना के लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से 1363 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए। 10 छात्रावास भवनों का लोकार्पण, 17 भवनों का शिलान्यास तथा जामडोली स्थित स्वयंसिद्धा परिसर में लाइब्रेरी का वर्चुअल उद्घाटन किया गया। एआई आधारित हेल्प डेस्क ‘समाधान साथी’ की शुरुआत भी की गई। सीएम ने 200 अंबेडकर ई-लाइब्रेरी स्थापित करने और मूंडला में अंबेडकर आवासीय कोचिंग केंद्र खोलने की घोषणा की।
Leave a Reply