सीमा सन्देश # नोहर। नोहर क्षेत्र में नशे का जहर अब विकराल रूप लेता जा रहा है। हर गुजरते दिन के साथ हालात और भयावह होते नजर आ रहे हैं। नशे की लत न केवल युवाओं को निगल रही है, बल्कि पूरे परिवारों को तबाह कर रही है। ताजा मामला वार्ड नंबर 28 का है, जहां नशे की ओवरडोज ने एक और घर का चिराग बुझा दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार अभिमन्यु नामक युवक की नशे की अधिक मात्रा लेने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से नशे की गिरफ्त में था और परिवार लगातार उसे इस दलदल से निकालने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आखिरकार नशे ने उसकी जान ले ली। यह घटना सिर्फ एक मौत नहीं, बल्कि एक पूरे परिवार के सपनों के खत्म होने की कहानी है। अभिमन्यु अपने घर का इकलौता पुत्र था। अब घर में उसकी मां और दो बहनें ही बची हैं। परिवार पहले ही एक बड़ी त्रासदी झेल चुका था—कुछ समय पूर्व उसके पिता की सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी। ऐसे में अब यह दूसरा बड़ा सदमा परिवार को पूरी तरह तोड़ गया है। नोहर क्षेत्र में नशे का फैलता जाल अब किसी एक गली या मोहल्ले तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुलेआम नशे की बिक्री हो रही है, लेकिन इसके बावजूद तस्करों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। तस्करों के हौसले भी लगातार बढ़ रहे सबसे चिंताजनक बात यह है कि जब कभी कार्रवाई होती भी है, तो नशा तस्कर कानून की खामियों और प्रक्रियात्मक कमजोरियों का फायदा उठाकर कुछ ही समय में जमानत पर बाहर आ जाते हैं। इससे न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं, बल्कि तस्करों के हौसले भी लगातार बढ़ रहे हैं। क्षेत्रवासियों में इस घटना के बाद गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में और भी कई परिवार इस त्रासदी का शिकार हो सकते हैं। समाज के जिम्मेदार लोगों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए, कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और युवाओं को इस दलदल से बचाने के लिए जागरूकता अभियान भी तेज किए जाएं। रविवार को हुई इस घटना की पुलिस जांच में जुटी है।
Leave a Reply