टिकट विवाद में बस से उतार युवक को रॉड से पीटा, 4 गिरफ्तार

hanumangarh

सीमा सन्देश # हनुमानगढ़। भादरा थाना क्षेत्र के गांव मलसीसर में बस में टिकट मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद नाबालिग युवक पर जानलेवा हमले तक पहुंच गया। आरोप है कि बस में हुए मामूली विवाद के बाद आरोपियों ने गांव के बस स्टैंड पर बस रुकवाकर नाबालिग को नीचे उतारा और लोहे की रॉड, थप्पड़ों व मुक्कों से बेरहमी से हमला कर दिया। भादरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों की भरे बाजार में पैदल परेड करवाई गई। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि 8 मई को मलसीसर निवासी जितेन्द्र कुमार पुत्र बालकिशन ब्राह्मण ने भादरा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसमें बताया कि उसका नाबालिग पुत्र रजत शर्मा बस संख्या आरजे 10 पीए 7251 में सवार होकर अपने गांव मलसीसर लौट रहा था। रजत ने बस कंडक्टर हरपाल को किराया देने के बाद टिकट मांगी, जिस पर कंडक्टर गाली-गलौज करने लगा। रजत ने विरोध किया तो बस में मौजूद गांव का भगवानाराम पुत्र चुन्नीराम जाट भी गाली-गलौज करते हुए हाथापाई करने लगा। बस में मौजूद यात्रियों ने बीच बचाव किया। भगवानाराम ने फोन कर अपने साथियों को मलसीसर बस अड्डे पर बुला लिया। जैसे ही बस गांव पहुंची, आरोपियों ने बस के आगे गाड़ी लगाकर उसे रुकवा लिया। भगवानाराम ने रजत को बस से नीचे उतारा और वहां मौजूद राकेश, प्रदीप, मानसिंह तथा अन्य युवकों के साथ मिलकर उस पर हमला कर गंभीर घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। मामले में भादरा थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी हनुमानाराम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने भगवानाराम (40) पुत्र चुन्नीराम जाट, प्रदीप कुमार (32) पुत्र महेन्द्र कुमार जाट, मानसिंह (54) पुत्र लादूराम सुथार और चुन्नीराम (62) पुत्र रामलाल जाट सभी निवासी मलसीसर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मुख्य आरोपी भगवानाराम जिला पूल कलक्ट्रेट हनुमानगढ़ में चालक पद पर कार्यरत है। घटना की गंभीरता को देखते हुए उसके निलंबन के लिए संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेज दी गई है। वहीं मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.