सीमा सन्देश # श्रीगंगानगर जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के विकास कार्यों, बजट घोषणाओं, पेयजल आपूर्ति और आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप सभी विभागीय योजनाओं का लाभ आमजन तक त्वरित और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुँचाया जाए। जिला कलेक्टर ने बजट घोषणाओं के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि संबंधित विभागीय अधिकारी इन कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं होना चाहिए और सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में देरी से न केवल लागत बढ़ती है, बल्कि आमजन को मिलने वाली सुविधाओं में भी विलंब होता है।
पेयजल और विद्युत आपूर्ति पर जोर: भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने जिले में सुचारू बिजली और पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जलापूर्ति में आने वाली किसी भी तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान किया जाए। इसके अतिरिक्त, एलपीजी सप्लाई और आरयूआईडीपी द्वारा संचालित शहरी सीवरेज व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
2.83 लाख मीट्रिक टन से अधिक की हुई आवक: जिले में गेहूं खरीद की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक 27,543 किसानों से 2,83,861.17 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। कलेक्टर ने मंडी समिति के अधिकारियों और खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए कि मंडियों में गेहूं का उठाव तेज किया जाए। साथ ही, खरीद केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए छाया, शुद्ध पेयजल, मॉइश्चर मीटर, तिरपाल और क्लीनर जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा।
‘स्व-गणना’ पोर्टल पर अपील: बैठक का एक मुख्य केंद्र आगामी जनगणना 2027 रहा। कलेक्टर ने बताया कि ‘स्व-गणना’ के लिए निर्धारित वेब पोर्टल 1 से 15 मई तक आमजन के लिए खुला है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं और डिजिटल सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करें। जिला प्रशासन द्वारा इसके प्रचार-प्रसार के लिए विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
घर-घर पहुँचेगा योजनाओं का लाभ: राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में जारी ग्राम रथ अभियान की समीक्षा करते हुए डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि 13 सहभागी विभागों के साथ-साथ अन्य विभागों के अधिकारी भी ग्राम पंचायतों का दौरा करें। उन्होंने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को भी मौके पर जाकर ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में एडीएम प्रशासन सुभाष कुमार, जिला परिषद सीईओ गिरधर, धीरज चावला, डॉ. अजय सिंगला, विजय कुमार शर्मा, ऋषभ जैन, राकेश कुमार, मंगत सेतिया, डॉ. सुखपाल सिंह बराड़, अरविंद सिंह, डॉ. अरविंद मित्तल, श्रीमती कविता सिहाग, डॉ. सतीश शर्मा, प्रीति गर्ग, सनी प्रताप त्रिपाठी और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply