सीमा सन्देश # हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में छात्र कल्याण क्लब स्पंदन के अंतर्गत संचालित सद्भाव क्लब के संयोजन में रविवार को गुरु-शिष्य सम्मान समारोह 2026 का आयोजन किया गया। समारोह में 12वीं कक्षा में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 3000 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ उनके गुरुजन एवं अभिभावकों की उपस्थिति ने पूरे वातावरण को शिक्षा, संस्कार और सम्मान की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। समारोह में अतिथि के रूप में यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा, एएसआई कुलदीप मीणा, पुष्प साहू, राजविंद्र शर्मा, संदीप चौधरी, मनोज कुमार, जोगराज, अमीलाल राव, सलीम लोदी, जितेंद्र चायल, मदन गोपाल शर्मा, योगेश शर्मा तथा रविंद्र ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरूआत में श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरीटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता केवल अंकों से नहीं, बल्कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन, सकारात्मक सोच और संस्कारों से प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी। रिटायर्ड आईजी गिरीश चावला ने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और समय के साथ स्वयं को अपडेट रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में वही विद्यार्थी आगे बढ़ते हैं जो अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति बनाए रखते हैं। विश्वविद्यालय के प्रबंध निदेशक दिनेश जुनेजा ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सबसे सशक्त आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से प्रतिभाओं का किया गया यह सम्मान अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं मदन गोपाल शर्मा ने कहा कि हनुमानगढ़ जिले को श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय जैसा उच्च शिक्षण संस्थान मिलना गौरव का विषय है।
तीन हजार से अधिक मेधावी विद्यार्थी हुए सम्मानित

Leave a Reply